Breaking News

क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामकेश यादव पर जानलेवा हमला

# क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामकेश यादव पर जानलेवा हमला
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक, हमले का कारण अज्ञात
जौनपुर। महराजगंज क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामकेश यादव 50 वर्ष पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गम्भीर रूप से घायल हो गये जिन्हें उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री यादव रोज की भांति महराजगंज बाजार से अपनी मोटरसाइकिल से वापस घर जा रहे थे कि महराजगंज बाजार के बाहर डा. भीम राव अम्बेडकर बालिका इण्टर कालेज के दक्षिण करीब 5 सौ मीटर पर स्थित नहर पटरी पिच सड़क पर पहले से ही घात लगाये दो मोटरसाइकिल पर सवार 6 बदमाश हमला कर दिये। बदमाशों ने हाकी, सरिया आदि से मारकर उन्हें गम्भीर रूप से घायल कर दिये जिसके बाद वे फरार हो गये। शोरगुल सुनकर अगल-बगल के लोग हल्ला करते हुये मौके की ओर दौड़े लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। खून से लथपथ श्यामकेश जमीन पर तड़प रहे थे जहां पहुंचे लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को उपचार हेतु महराजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया जहां प्राथमिक उपचार करके जिला अस्पताल भेज दिया गया। बता दें कि श्री यादव अपना दल से महराजगंज ब्लाक से प्रमुख पद का चुनाव लडे़ थे जिसमें उनको हार का सामना करना पड़ा था। फिर जिला पंचायत का चुनाव भी लड़े लेकिन उसमें भी उनको पराजित होना पड़ा। इसके बाद उनका अपना दल की राजनीति से लगाव कम होता गया। वहीं समाजवादी पार्टी के बदलापुर इकाई के पूर्व अध्यक्ष रमापति यादव ने बताया कि श्यामकेश पिछले कई वर्षों से सपा की राजनीति में हाथ बंटा रहे थे। वहीं वर्तमान अध्यक्ष रामजतन यादव ने बताया कि सपा में कार्य कर रहे हैं लेकिन कोई पद नहीं मिला है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक न हमला का कारण ज्ञात हो सका और न ही हमलावरों की पहचान हो सकी लेकिन परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिसिया कार्यवाही शुरू हो गयी है।

No comments