Breaking News

जायसवाल महासभा की चतुर्थ कार्यकारिणी बैठक लखनऊ में 5 अप्रैल को

# जायसवाल महासभा की चतुर्थ कार्यकारिणी बैठक लखनऊ में 5 अप्रैल को
लखनऊ। उत्तर प्रदेश जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की चतुर्थ कार्यकारिणी बैठक आगामी 5 अप्रैल दिन रविवार को लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार (राजभवन के सामने लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय) हजरतगंज में प्रातः 9 से दोपहर 1 बजे तक सुनिश्चित है। उक्त अवसर पर संगठन को और सशक्त बनाने, सक्रिय/कर्मठ सदस्यों को नया दायित्व देने, स्वजातीय लोगों की सेवा के लिये प्रदेश स्तर पर गठित 5 सेवा समितियों का जिला स्तर तक विस्तार करने, आजीवन सदस्यों की संख्या वृद्धि हेतु सदस्यता अभियान चलाने जैसे विषयों पर विचार किया जायेगा। इस आशय की जानकारी महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी अटल गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है। उन्होंने आगे बताया कि महासभा का दूसरा सत्र अपरान्ह 1.30 से रात्रि 9 बजे तक स्वजातीय राजनीतिक प्रशिक्षण सत्र के रूप में आयोजित है। उक्त सत्र में समाज के जो भी लोग राजनीति में सहभागिता करते हैं या करना चाहते हैं, उन्हें विशेषकर नवयुवकों को राजनीति में कैसे अपना स्थान और प्रभाव बनायें? पर जानकारी दी जायेगी। उक्त कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल कानपुर, केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाईक, लोकसभा उपाध्यक्ष सांसद रमा देवी, भाजपा सांसद व बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल, पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल, विधायक संजय प्रताप जायसवाल सहित अन्य स्वजातीय राजनीतिज्ञ मार्गदर्शन करेंगे। श्री गुप्ता ने महासभा के समस्त पदाधिकारियों, आजीवन सदस्यों, महिला व नवयुवक सभा के सभी लोगों से आग्रह है कि वह अधिक से अधिक संख्या में आगामी 5 अप्रैल को उक्त कार्यक्रम में पहुंचें। साथ ही जो भी सदस्य व पदाधिकारी अपना कोई सुझाव अथवा प्रस्ताव देना चाहे तो वे सीधे प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र जायसवाल अथवा प्रदेश महामंत्री विपिन जायसवाल को भेज सकते हैं।

No comments