Breaking News

काव्य गोष्ठीः चलो एक जाम हो जाय, वतन के नाम हो जाय...

# काव्य गोष्ठीः चलो एक जाम हो जाय, वतन के नाम हो जाय...
जौनपुर। सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था अखिल भारतीय काव्य मंच के बैनर तले वन विहार के पास स्थित एक संस्थान में काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ जहां उपस्थित कवियों व शायरों ने देशभक्ति के गीत गाकर उपस्थित जनसमूह को मंत्र-मुग्ध कर दिया। इस मौके पर वरिष्ठ रचनाकार एवं विशिष्ट अतिथि डा. अजय विक्रम सिंह की पंक्तियां ‘चलो एक जाम हो जाए वतन के नाम हो जाय, वतन की आशिकी में दिल चलो बदनाम हो जाय’ को लोगों ने मुक्त कण्ठ से सराहा। इसी क्रम में मुख्य अतिथि डा. पीसी विश्वकर्मा ‘प्रेम जौनपुरी’ की पंक्ति ‘सरहद पर लड़ने वालों का दुनिया में नाम है, भारत के इन सपूतों को मेरा सलाम है’ काफी तालियां बटोरी। रचनाकार एवं कवित्री सविता अंशुमान ने जब ‘ऐ मेरे वतन के लोगों खूब लगा लो नारा’ पढ़ा तो सारा वातावरण देश भक्ति के रस में डूब गया। इसी क्रम में डा. अंगद राही की पंक्तियां ‘लहर लहर लहराए तिरंगा हम सबकी शान, जगत में भारत देश महान’ को लोगों ने बहुत पसंद किया। एडवोकेट राजेश पाण्डेय की पंक्ति ‘इस जहां में तू जहां जाओगे,  एक जमीं एक ही आसमां पाओगे’ प्रशंसनीय रही। आशुतोष पाल की पंक्ति ‘ है फजा में आग फैली सारी दुनिया जल रही,  हो गया फरमान जारी बात मुझको खल रही’ बेमिसाल रही। मंच के महामंत्री फूलचंद भारती ने ‘शत शत नमन देश के शहीदों को ,जिनके बलबूते आज देश मेरा महान है’ पढ़ा। इसके अलावा संजय सिंह सागर, अखिलेश शुक्ल रसिक, शकुंतला शुक्ला एडवोकेट, रमेश चन्द्र सेठ आशिक, रामजीत मिश्र सहित अन्य ने काव्य पाठ किया। इसके पहले मंच के अध्यक्ष असीम मछलीशहरी ने सभी कवियों एवं शायरों का माल्यार्पण करके स्वागत किया। वहीं विजय बहादुर सिंह ने सभी का अभिवादन किया। काव्य पाठ की अध्यक्षता वरिष्ठ रचनाकार ओम प्रकाश मिश्र एवं संचालन संस्था के संस्थापक डा. प्रमोद वाचस्पति ‘सलिल जौनपुरी’ ने किया।

No comments