जौनपुर में गरीबों की मदद में जुटा एनआरआई दम्पत्ति
# जौनपुर में गरीबों की मदद में जुटा एनआरआई दम्पत्ति
जौनपुर। जिला मुख्यालय से सटे गांव माधोपट्टी कंचगाव में स्थित रामजानकी मठ पर एनआरआई दम्पत्ति सुमित्रा सिंह व उनके पति डा. रवि प्रकाश सिंह ने गरीबों में कम्बल, अन्न, बर्तन आदि भेंट किया। इस दौरान माधोपट्टी, कचगांव, परियावां सहित तमाम जगहों से आये ग्रामीणों को उपरोक्त सामान दिया गया। बता दें कि यह दम्पत्ति वर्षों से यहां आकर ग्रामीणों की मदद करता चला आ रहा है। इसी क्रम में पहुंचे इस दम्पत्ति को देखकर उपस्थित लोग भावुक हो गये। रवि प्रकाश सिंह अमेरिका के भारतीय दूतावास एजुकेशनल एडवाइजर और सुमित्रा सिंह दूतावास में इनफार्मेशन डिपार्टमेंट कार्यरत थीं जो अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इनके भाई इन्दु प्रकाश सिंह भारत के पहले भारतीय विदेश सेवा के टापर थे। कई देशों के राजदूत रहे सुमित्रा सिंह पति के साथ हर वर्ष भारत अपने इस गांव आते हैं। सुमित्रा सिंह 1999 सेवानिवृत्ति के बाद से लगातार गांव में शिविर के माध्यम से सैकड़ों लोगों का आपरेशन करा चुकी हैं। पिछले साल 24 लोग के आपरेशन हुये थे जिसमें आपरेशन से लेकर चश्मे एवं दवा तक की मदद शामिल है। इस वर्ष आगामी 30 जनवरी को नेत्र शिविर का आयोजन सुनिश्चित है। इसके अलावा गांव की कई लड़कियों की पढ़ाई के लिये वह आर्थिक मदद करती हैं। इतना ही नहीं, मशहूर आतिशबाज शब्बीर अहमद की दोनों आंखों का आपरेशन इन्हीं लोगों ने करवाया। इनकी मदद से एक लड़की गोरखपुर में पुलिस कांस्टेबल बनकर तैनात है। अभी गांव की कई लड़कियां आर्थिक मदद से उच्च शिक्षा प्राप्त की हैं। यही नहीं, सरकार से मांग करके सुमित्रा ने अपनी सास श्यामरति सिंह के नाम से गद्दोपुर प्राथमिक विद्यालय करवाया, क्योंकि उन्होंने बहुत ही कठिन परिस्थितियों में ब्रिटिश शासनकाल में 22 वर्षों तक बिना किसी सैलरी के बच्चों को पढ़ाने का काम किया था।
No comments