Breaking News

काश! नया साल बन जाय बेमिसाल...

# काश! नया साल बन जाय बेमिसाल...
प्रमोद जायसवाल
जौनपुर। नया वर्ष जिन्दगी की चौखट पर दस्तक दे रहा है। इसी के साथ लोगों की उम्मीदें इससे जुड़ने लगी है। वर्षों से चली आ रही समस्याओं के निराकरण की आशाएं भी परवान चढ़ने लगी है। शहर में रोजाना लगने वाले जाम से निजात के लिये वैसे तो हर मार्ग पर ओवरब्रिज की जरूरत शिद्दत से महसूस की जा रही है। मड़ियाहूं मार्ग पर ओवरब्रिज की संस्तुति के बाद करीब 5 वर्ष पूर्व काम शुरू तो हुआ परन्तु चाल इतनी धीमी है कि अभी तक महज दो तिहाई ही निर्माण हो पाया है। इसके कारण उक्त मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। लोगों को जिले में ही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिये सपा शासन में सिद्दीकपुर में मेडिकल कालेज की नींव पड़ी जिसे वर्ष 2017 में ही शुरू हो जाना था परन्तु निजाम बदलने के बाद निर्माण कार्य को ब्रेक लग गया। इधर पूर्वांचल की आस्था का केन्द्र चौकियां धाम का सौन्दर्यीकरण का कार्य भी बजट के अभाव में लटक गया है। सपा शासन में तत्कालीन जिलाधिकारी सुहास एलवाई व भानु चन्द्र गोस्वामी ने जाम की समस्या से निबटने के लिये शहर की सड़कों को चौड़ा कराकर चौराहों का सुन्दरीकरण कराया। दोनों अधिकारियों ने अपने प्रयास से शासन से विकास व सौन्दर्यीकरण के लिये पर्याप्त धनराशि आवण्टित कराया। प्रशासनिक व न्यायिक कार्यों के अलावा सुबह-शाम विकास कार्यों की सतत निगरानी भी करते रहे। शहर की चौड़ी सड़कें, खूबसूरत चौराहे उक्त दोनों अधिकारियों की देन है जिसके कारण आज शहर के अन्दर लगने वाले जाम से काफी राहत मिली है। जब से दिनेश सिंह ने नये जिलाधिकारी के रूप में जिले की कमान संभाली है। उनके काम-काज को देखकर तमाम समस्याओं से निजात की उम्मीद फिर लोगों में जुड़ने लगी है। श्री सिंह के कड़े तेवर के चलते अब सरकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिलने लगा है। गरीबों व असहायों के प्रति उनके मन में संवेदना है। पिछले दिनों उन्होंने अपने आवास पर 40 जोड़ों का सामूहिक विवाह बेहद अच्छे ढंग से सम्पन्न कराकर अधिकारियों के बीच जो नजीर पेश की, वह अनुकरणीय है। सुहास एलवाई, भानु चन्द्र गोस्वामी के बाद नये जिलाधिकारी से भी लोगों की उम्मीदें जुड़ी हैं। अगर उनकी नजर-ए-इनायत हुई तो नया साल जनपदवासियों के लिये बेमिसाल साबित होगा।

No comments