Breaking News

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण

# महाशिवरात्रि पर्व को लेकर डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण
जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव स्थित प्राचीन व ऐतिहासिक शिव मंदिर परिसर में गुरूवार को जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए निरीक्षण किया। जहां उन्होंने साफ-सफाई व पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इसके पहले जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिव मंदिर में दर्शन-पूजन कर मत्था टेका। उन्होंने मंदिर प्रबंधक मुरलीधर गिरी से कोई समस्या होने पर बताने को कहा। डीएम ने माला-फूल बेचने वालों को उचित स्थान देखकर उन्हें एक कतार में लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद मंदिर परिसर स्थित तालाब का भी निरीक्षण किया। जिसमें तालाब के तरफ टूटी सीढ़ियों को देखकर नाराजगी जताई। एसपी अशोक कुमार सिंह ने एसओ जलालपुर पन्ने लाल को तालाब के चारों तरफ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लगाने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर के बगल में लगे झूले को सही तरीके से संचालित करवाने के निर्देश दिए। मंदिर के गर्भगृह और बाहर लगे कैमरे के बारे में जानकारी ली। बता दें कि महाशिवरात्रि पर्व पर यहां दूरदराज से हजारों शिवभक्त दर्शन-पूजन करने आते हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुराग वर्मा ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ डीएम और एसपी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने जिलाधिकारी से त्रिलोचन बाजार से मकरा चौराहा तक नाली बनावाने का आग्रह किया। जिस पर डीएम ने अतिशीघ्र नाली बनवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भोजपुरी अभिनेता चन्दन सेठ, डा. रमेश चन्द यादव, सोनू गिरी, गनेश चौहान, अशोक गिरी, अजय गिरी, ओम प्रकाश गिरी आदि उपस्थित रहे।

No comments