Breaking News

#जौनपुर में 5 पर #सपा #गठबंधन एवं 4 पर #भाजपा #गठबंधन ने जमाया कब्जा



जौनपुर में 5 पर सपा गठबंधन एवं 4 पर भाजपा गठबंधन ने जमाया कब्जा
सपा गठबंधन के जगदीश नारायण राय, तूफानी सरोज, लकी यादव, रागिनी सोनकर, पंकज पटेल ने दौड़ायी साइकिल तो भाजपा गठबंधन के गिरीश यादव, रमेश मिश्र, रमेश सिंह, आरके पटेल ने खिलाया कमल
जौनपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 का परिणाम गुरूवार को घोषित हो गया। जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर स्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बने मतगणना स्थल पर गिनती के लिये 640 कार्मिक लगाये गये थे। जनपद के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 121 उम्मीदवार रहे जिनमें से विभिन्न दलों के कुल 9 प्रत्याशी विजयी घोषित किये गये। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना देर शाम को समाप्त हुई जिसके बाद सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिया गया। पिछले कई महीनों से चल रही चुनावी चर्चाओं के बीच बीते 7 मार्च को 20 लाख 7 हजार 504 मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया था। गुरूवार को काफी चुस्त-दुरूस्त व्यवस्था के बीच हुई मतगणना के साथ ही जीत-हार की तमाम अटकलों पर विराम लग गया। बता दें कि सभी 9 विधानसभा के लिये कुल 133 टेबल बनाये गये थे जहां सदर विस की गिनती हेतु 21 टेबल लगाये गये थे जबकि बदलापुर, शाहगंज, मल्हनी, मुंगराबादशाहपुर, मछलीशहर, मड़ियाहूं, जफराबाद एवं केराकत के लिये 14-14 टेबल लगाये गये थे। समाचार लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार सदर विस से भाजपा के वर्तमान विधायक/राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक मो. अरशद खान को हराया। इसी तरह मल्हनी से सपा के लकी यादव ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह को हराया। मछलीशहर से सपा प्रत्याशी रागिनी सोनकर ने भाजपा के मेंही लाल को हराया। मुंगराबादशाहपुर से सपा के पंकज पटेल ने भाजपा ने अजय शंकर दूबे को हराया। जफराबाद से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी जगदीश नारायण राय ने भाजपा के वर्तमान विधायक डा. हरेंद्र सिंह को हराया। शाहगंज से निषाद पार्टी-भाजपा गठबंधन प्रत्याशी रमेश सिंह ने सपा के वर्तमान विधायक शैलेन्द्र यादव ललई को हराया। केराकत से पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने भाजपा के वर्तमान विधायक दिनेश चौधरी को हराया। मड़ियाहूं से अपना दल-भाजपा गठबंधन प्रत्याशी आरके पटेल ने मुंगराबादशाहपुर की वर्तमान विधायक सुषमा पटेल को हराया। बदलापुर से वर्तमान विधायक रमेश मिश्रा ने सपा प्रत्याशी ओम प्रकाश दूबे बाबा को हराया।

लाइक व सबस्क्राइब करने के लिए नीचे दर्शित लिंक को क्लिक करें

No comments