Breaking News

गाय पर हो रहे अत्याचार से भाजपा का ही नाश होगाः तूफानी

# गाय पर हो रहे अत्याचार से भाजपा का ही नाश होगाः तूफानी
जौनपुर। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष डा. सरफराज खान के जफराबाद स्थित आवास पर उपस्थित लोगों के बीच पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि गौ माता के ऊपर हो रहे अत्याचार से ही भाजपा का नाश हो जायेगा। एक गाय के लिये 30 रूपये मिलता है और उसी में खिलाने वाले की मजदूरी भी है। आप समझ सकते हैं कि गाय का कैसे पेट भरेगा। गौशाला में तिल-तिल गायें मर रही हैं लेकिन कोई व्यवस्था नहीं है। अभी कुछ दिन पहले जलालपुर थाना क्षेत्र के लहंगपुर गांव के पास 20 गाय ट्रेन से कट गयी। अस्थायी गौशाला में चारा नदारद है। न सही ढंग से भोजन की व्यवस्था है और न ही रहने की व्यवस्था है। श्री सरोज ने कहा कि भाजपा दोहरी चरित्र वाली पार्टी है। भाजपा के नेता जब मणिपुर में जाते हैं तब कहते हैं कि बीफ की कमी नहीं होने दी जायेगी। जब उत्तर प्रदेश में आते हैं तो कहते हैं कि गौ हत्या नहीं होने दी जायेगी। भाजपाई कहते हैं कि गाय हमारी माता है लेकिन जिस गाय को कटवाकर बीफ की सप्लाई विदेशों में करते हैं, क्या वह उनकी सौतेली मां है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निर्देशित किया है कि भाजपा की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने का काम समाजवादी पार्टी के लोग करें। इस अवसर पर डा. सरफराज खान, कयूम अंसारी, गुलाब अग्रहरी, नरसिंह यादव, राजकुमार गुप्ता, सिराजुद्दीन खान, मिंटू यादव, शिवसंत यादव सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

No comments